दुर्गा पूजा, दशहरा, ईद-ए-मिलाद एवं दीपावली पर्व शांति पूर्वक मनाने को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न

Must Read

by Sarthak Duniya, Korba | September 23, 2022  11:35 PM IST

कोरबा | कलेक्टर संजीव झा की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभा कक्ष में दुर्गा उत्सव, दशहरा, ईद-ए-मिलाद एवं दीपावली पर्व को शांति और सौहार्द्र पूर्वक मनाये जाने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में शामिल दुर्गा समितियों के सदस्यों, गणमान्य नागरिकों, दुर्गा पंडालों के प्रतिनिधियों सहित मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर श्री झा ने सभी धार्मिक स्थलों के संचालन और दुर्गा पूजा के संबंध में विस्तृत चर्चा की।
दुर्गा पूजा के दौरान दुर्गा पंडाल एवं अस्थायी स्वागत द्वार बनाने के लिए आयोजन समितियों को संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों से अनुमति लेनी होगी। संबंधित थाना प्रभारी द्वारा दुर्गा पंडालों, स्वागत द्वारों के निरीक्षण उपरांत रिपोर्ट के आधार पर ही संबंधितों को अनुमति दी जाएगी।

बैठक में कलेक्टर श्री झा ने कहा कि एनजीटी के द्वारा जारी गाइडलाईन के अनुसार दुर्गा पंडाल अब सड़़क पर नही लगा सकेंगे। पर्व के दौरान उपयोग होने वाले डीजे आदि भी गाइडलाईन के अनुसार रात 10 बजे से 6 बजे तक प्रतिबंधित रहेंगे। साथ ही निर्धारित सीमा से अधिक आवाज में डीजे चलाने पर प्रशासन द्वारा डीजे जप्ती की कार्रवाई की जायेगी।
कलेक्टर श्री झा ने बैठक में नागरिकों से सोशल मीडिया का उपयोग सावधानी पूर्वक करने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से पर्व के दौरान एक दूसरे की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सूचनाओं का आदान-प्रदान नही करने की अपील भी की। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिक पूर्व में निर्धारित स्थानों पर ही पूजा करें। नये स्थान पर पूजा न करें। कलेक्टर ने कहा कि दुर्गा विसर्जन निर्धारित रूट के अनुसार ही किया जाए। विसर्जन के दौरान कोई भी आम रास्ता बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। विसर्जन के दौरान वालेन्टियर भी रखना अनिवार्य होगा। संबंधित वालेन्टियर विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग करेंगे। पंडालों में बिजली व्यवस्था सुनियोजित तरीके से करनी होगी। ताकि शार्ट सर्किट, लूज तार आदि की समस्या उत्पन्न न हो सके। कलेक्टर ने आपदा प्रबंधन कमान्डेंट को पर्व के दौरान अलर्ट रहने के निर्देश भी दिये।
शांति समिति की बैठक में ईद-ए-मिलाद के दौरान भी शांति पूर्वक पर्व को मनाने के लिए चर्चा हुई। इस दौरान शांतिपूर्वक जुलूस संचालन की जिम्मेदारी संबंधित आयोजन समिति की होगी। बैठक में नगर निगम के अधिकारियों को पर्वो के दौरान आवश्यक साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। बैठक में पर्वो के दौरान समाज द्वारा धार्मिक झण्डे, बैनर, प्रतीक चिन्ह आदि का उपयोग भी सावधानी पूर्वक करने की अपील की गयी। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार झण्डे, बैनरों का उपयोग करने के बाद उसे विधिपूर्वक निकालने की जिम्मेदारी संबंधित आयोजन समिति की होगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह, एसडीएम कोरबा हरिशंकर पैंकरा, स्वास्थ्य, विद्युत, पर्यावरण, राजस्व अधिकारियों सहित मानवाधिकार बोर्ड, अल्पसंख्यक विभाग, सुन्नी मुस्लिम जमात, जामा मस्जिद, स्टाफ क्वार्टर पूजा मण्डल, दुर्गा पूजा समिति, पटाखा संघ, वंदनीय मातृ समिति, मेमन समाज आदि के प्रमुख पदाधिकारियों सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

Latest News

दिल्ली हॉफ मैराथन चैलेंज में बालको ने फिर लहराया परचम

बालकोनगर, सार्थक दुनिया न्यूज़                          वेदांता समूह की कंपनी...

More Articles Like This