छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव पुलिस के नशा विरोधी, निजात अभियान को ‘लीडरशिप इन क्राइम प्रिवेंशन’ कैटेगरी में अमेरिका के प्रतिष्ठित आईएसीपी 2022 अवार्ड का मिलेगा सम्मान

Must Read

उल्लेखनीय | राजनांदगांव / कोरबा, (सार्थक दुनिया न्यूज़)  26 दिसंबर 2022

अमेरिका की अंतरराष्ट्रीय संस्था इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ चीफ्स ऑफ पुलिस (आईएसीपी) द्वारा राजनांदगांव जिले के पूर्ववर्ती पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के कार्यकाल में राजनांदगांव पुलिस द्वारा चलाए गए नशा-विरोधी, निजात अभियान को संस्थागत श्रेणी के ‘लीडरशिप इन क्राइम प्रिवेंशन’ कैटेगरी में अमेरिका के प्रतिष्ठित आईएसीपी अवार्ड हेतु चुना गया है।
आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश और डीजीपी अशोक जुनेजा के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्ती से कार्यवाही की जा रही है। निजात अभियान एक कार्यवाही व जागरुकता अभियान है, जिसमें अवैध नशे के सौदागरों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने सहित नशे के खिलाफ जनजागरुकता लाने और नशे के आदी लोगों का पुनर्वास शामिल है।

इस चर्चित अभियान की शुरुआत पिछले वर्ष कोरिया जिले के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह द्वारा किया गया था। उसके बाद राजनांदगांव और वर्तमान में कोरबा पुलिस सहित कई जिलों में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसी वर्ष गृह मंत्रालय, भारत सरकार की संस्था पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (बीपीआरएंडडी) ने कोरिया पुलिस द्वारा शुरू किए गए निजात अभियान को देश के तीस सर्वोत्तम स्मार्ट-पुलिसिंग अभियानों में शामिल किया था। 
राजनांदगांव पुलिस के साथ ही गढ़चिरोली पुलिस के तत्कालीन एसपी अंकित गोयल के माओवाद विरोधी कार्यक्रम ‘दादालोरा खिड़की’ को संस्थागत श्रेणी के सामुदायिक पुलिसिंग कैटेगरी में आईएसीपी अवार्ड हेतु चुना गया है। संस्था द्वारा पुलिसिंग में किए गए बेहतर कार्यों के आंकलन के आधार पर इस अवार्ड के लिए चयन किया गया है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि पा चुके जीरो-टॉलरेंस कार्रवाई और व्यापक जन-जागरूकता वाले निजात अभियान का अब कोरबा जिले में भी सार्थक परिणाम मिलने लगा है। वर्तमान में कोरबा जिले में निजात अभियान के तहत पुलिस नशीले पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी को प्रभावी ढंग से रोकने में सफल रही है। जिले के थानों में नशे के आदी लोगों की काउंसलिंग के साथ ही नशा-मुक्ति कक्ष भी निर्माणाधीन है। इस अभियान के तहत अब तक सैकड़ों की संख्या में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। लोग नशे की लत छोड़कर सामान्य जीवन जीने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए जिले के सभी कस्बों और दूर-दराज के गांवों में बैठक, रैली, नुक्कड़ नाटक, वॉल राइटिंग, पोस्टर, बैनर आदि लगाकर लोगों को जागरुक किया जा रहा है। इस अभियान में समाज के सभी लोगों और वर्गों की सहभागिता हो रही है। इसे व्यापक जन-समर्थन भी मिल रहा है।

 

Latest News

दिल्ली हॉफ मैराथन चैलेंज में बालको ने फिर लहराया परचम

बालकोनगर, सार्थक दुनिया न्यूज़                          वेदांता समूह की कंपनी...

More Articles Like This